
नवापारा-राजिम, छ.ग.। यह बहुत ही हर्ष और गौरव का विषय है कि हमारे देश की सीमाओं तथा आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए नवापारा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की बहनों ने एक सराहनीय पहल की है। ‘कन्या भारती’ प्रमुख सरोज कंसारी के मार्गदर्शन में विद्यालय की कक्षा तीसरी से लेकर बारहवीं तक की लगभग 100 बहनों (छात्राओं) ने अपने हाथों से विशेष राखियां तैयार की हैं।
इन राखियों की बड़ी विशेषता यह है कि इन्हें देश की पवित्र मिट्टी से तैयार किया गया है। प्रत्येक राखी के साथ सैनिक का नाम और उनकी दीर्घायु व सुरक्षा की शुभकामनाओं से भरा एक संदेश भी लिखा गया है। बहनें इस रक्षाबंधन पर देश के वीर जवानों की लंबी उम्र की मंगलकामना कर रही हैं। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका हुलेशवरी और प्रीति साहू ने विशेष सहयोग दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री गौरीशंकर निर्मलकर ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम मार्गदर्शिका सरोज कंसारी ने कहा, “हमारी बहनों ने देश की मिट्टी से राखियां बनाकर यह संदेश दिया है कि देश के रक्षक हमेशा हमारी भलाई और देश के हितों के लिए तत्पर रहते हैं। यह प्रयास सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
राखियां ग्रहण करते हुए भाजपा प्रदेश सदस्य व समाजसेविका योगिता सिन्हा ने शिशु मंदिर की होनहार बहनों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “बेटियों के हाथों से बनी ये राखियां और शुभकामना संदेश हमारे वीर जवानों का हौसला व अधिक बढ़ाएंगे। यह एक अनुकरणीय कार्य है।”
*पुलिस जवानों को भेजी जाएंगी राखियां:* तैयार की गई इन सभी हस्तनिर्मित राखियों और शुभकामना पत्रों को योगिता सिन्हा को सौंप दिया गया है। उनके माध्यम से इन रक्षासूत्रों को देश के वीर पुलिस जवानों तक यथाशीघ्र भेजने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ड्यूटी पर तैनात जवानों की कलाई इस रक्षाबंधन पर सूनी न रहे।






