
हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आर.के. मिशन चिकित्सालय, कनखल में लंबे समय से सेवाएं दे रहे राकेश कुमार वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 1987 से चिकित्सालय में कार्यरत राकेश कुमार वर्मा ओपीडी में ड्रेसर के पद से सेवानिवृत्त हुए।

समारोह में संस्था के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं सहयोगियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके लंबे, समर्पित एवं सेवाभावी कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राकेश कुमार वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका अनुभव, कार्यशैली, सहयोगी भावना और मिलनसार व्यवहार चिकित्सालय के कर्मचारियों एवं रोगियों को सदैव याद रहेगा। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

समारोह में मुख्य नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मिनी योहनान महोदया एवं चिकित्सकों ने केक कटवाकर राकेश कुमार वर्मा को सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त कर्मचारी राकेश कुमार वर्मा ने सभी चिकित्सकों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर.के. मिशन चिकित्सालय में बिताया गया उनका कार्यकाल जीवन की महत्वपूर्ण स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा।
समारोह का समापन शुभकामनाओं और भावपूर्ण विदाई के साथ हुआ।





