
मौसम विभाग द्वारा जनपद हरिद्वार के लिए भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर सभागार में आयोजित होने वाले साप्ताहिक ‘जनता मिलन/जन सुनवाई’ कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है।
जिलाधिकारी ने जारी निर्देशों में कहा कि मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को भी मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
डीएम मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन तंत्र अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने पर जनता मिलन/जन सुनवाई की अगली तिथि की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।






