
हरिद्वार। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमालपुर कला की विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में वर्षों से लंबित सीवर लाइन की समस्या को लेकर अब स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ने लगा है। क्षेत्र की मूलभूत समस्या के समाधान के लिए सीवर लाइन एकता संघर्ष समिति तथा भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ, हरिद्वार ने अलग-अलग ज्ञापन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रेषित कर सभी कॉलोनियों को शीघ्र सीवर नेटवर्क से जोड़ने की मांग की है। दोनों संगठनों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता रहेगा।
ज्ञापनों में कहा गया है कि हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कला में स्थित लक्की विहार, राम विहार, बसंत विहार, संगम विहार, कस्तूरी एन्क्लेव, दुर्गा एन्क्लेव, कुसुम एन्क्लेव सहित कई आवासीय कॉलोनियां आज भी सीवर लाइन की सुविधा से वंचित हैं। जबकि कुछ क्षेत्रों जैसे मित्र विहार एवं गणपति विहार में सीवर लाइन का कार्य किया जा चुका है तथा फुटबॉल ग्राउंड से जमालपुर कला की मुख्य सड़क तक सीवर लाइन डालने का कार्य भी प्रगति पर है। इसके बावजूद अधिकांश कॉलोनियों को इस सुविधा से नहीं जोड़ा गया है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सीवर लाइन नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती। नालियों का गंदा पानी सड़कों और खाली पड़े प्लॉटों में जमा होकर तालाब का रूप ले लेता है। कई घरों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारों की आबादी इस समस्या से प्रभावित है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ हरिद्वार के जिला संयोजक चौधरी नागेशराम ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि क्षेत्र की सभी कॉलोनियों में शीघ्र सीवर लाइन बिछाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा मिल सके और जलभराव की समस्या से निजात मिले।
वहीं सीवर लाइन एकता संघर्ष समिति के अध्यक्ष एस.के. शर्मा और संयोजक राजवीर सिंह ने भी मुख्यमंत्री से मांग की है कि फुटबॉल ग्राउंड से आगे शेष कॉलोनियों तक सीवर लाइन विस्तार का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। समिति का कहना है कि यह केवल सुविधा का नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का भी गंभीर विषय है।
दोनों ज्ञापनों में सरकार से आग्रह किया गया है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रभावित कॉलोनियों में शीघ्र सीवर लाइन बिछाने के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होंगे।




