
देहरादून। संतला देवी मंदिर के समीप नदी के बीच तेज बहाव में फंसे सात लोगों को फायर सर्विस देहरादून और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना 19 जुलाई 2026 की है, जब सिटी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि नदी के बीच कुछ लोग फंस गए हैं और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन देहरादून की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान में डीवीआर आकाश चौधरी, एफएम विनोद, एफएम भूपेंद्र, डब्ल्यूएफएम अंजलि और डब्ल्यूएफएम शालिनी शामिल रहे। टीम ने एसडीआरएफ के साथ मिलकर मल्टी-पर्पज रोप, थ्रो बैग एवं अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से सभी सात लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में सुशील, मुकेश, प्रेम कुमार, रोशन गुप्ता, राजेश, पवन और सूरज शामिल हैं। सभी को सुरक्षित निकालने के बाद राहत की सांस ली गई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सीओ मसूरी, थाना कैंट पुलिस के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। समय रहते किए गए इस संयुक्त अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।




