
नवापारा (छत्तीसगढ़)। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवापारा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘किशोर भारती’, ‘कन्या भारती’, ‘बाल भारती’ एवं ‘शिशु भारती’ छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम ‘किशोर भारती’ प्रमुख श्री दीपक देवांगन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विद्यालय सचिव श्री प्रफुल्ल दुबे ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद की गरिमा बनाए रखना ही नहीं, बल्कि विद्यालय में अनुशासन, संस्कार, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, गृहकार्य करने तथा जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री गौरी शंकर निर्मलकर ने अपने आशीर्वचन में कहा कि पद प्रतिष्ठा के साथ-साथ कर्तव्य, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक होता है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों को निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में सत्र 2026-27 के लिए किशोर भारती, कन्या भारती, बाल भारती, शिशु भारती, विषय परिषदों तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
विज्ञान, गणित, अनुशासन, प्रार्थना, सांस्कृतिक, क्रीड़ा, चिकित्सा, स्वच्छता, बागवानी, खोया-पाया, बैठक व्यवस्था, जन्मदिवस एवं पूजन व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य नरेश यादव, नरेन्द्र साहू, सरोज कंसारी, नारायण पटेल, रेणु निर्मलकर, नंद कुमार साहू, तामेश्वर साहू, संजय सोनी, लोमेश साहू, हुलेश्वरी साहू, प्रीति साहू, विभीषण साहू, नम्रता साहू सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







