
भुजान (अल्मोड़ा)। स्कॉलर्स होम भुजान में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम चंद्र लोहनी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि आजादी अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आनंद खाती, हेमलता लोहनी, सिमरन, कुबेर अमेरा, लता, कविता, तनुजा, दीक्षा, तबस्सुम और हेमा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की प्रगति, शांति और एकता के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।







