
हरिद्वार। जमालपुर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के लोगों ने जमालपुर कलां तिराहे पर प्रदर्शन कर सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। मानव कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि लक्की विहार, राम विहार, बसंत विहार, कस्तूरी एंक्लेव, दुर्गा विहार और कुसुम एंक्लेव सहित कई कॉलोनियों में आज तक सीवर लाइन की सुविधा नहीं पहुंच पाई है।

समिति के अध्यक्ष राजवीर सिंह और सचिव प्रकाश जोशी ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने की मांग को लेकर संबंधित विभागों से कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर मुख्य मार्ग और फुटबॉल ग्राउंड मार्ग पर बिछाई जा रही सीवर लाइन से आसपास की अन्य कॉलोनियों को भी जोड़ा जाना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि कॉलोनियों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में जमा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीवर लाइन की सुविधा मिलने से जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात मिल सकेगी।
गोविंद सिंह राणा, प्रमोद पाल, पद्मेंद्र सिंह और दामोदर ने कहा कि कॉलोनीवासी वर्षों से सीवर लाइन की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सुविधा देने के बजाय भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में डॉ. कल्पना तिवारी, प्रकाशचंद जोशी, विकास सैनी, शिवप्रकाश, अवतार सिंह, चंद्रप्रकाश, विष्णु देव, अंकुर चौधरी, विश्वनाथ, विजेंद्र ढीमर, पुष्पा रानी, विजय, वीरेंद्र मिश्रा, पूरन सिंह रावत, रेखा, शांति, कविता, विनीता, रक्षा, दिया और एकता सहित कई लोग मौजूद रहे।





