
उत्तरकाशी। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात निदेशालय के निर्देशानुसार उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में अभियान संचालित किया जा रहा है।
16 नवंबर 2026 को निरीक्षक यातायात श्री सुनील कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को यातायात नियमों, ट्रैफिक सिग्नल के महत्व तथा सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई। लोगों को यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित कर नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले पिलियन राइडर को भी हेलमेट की उपयोगिता के बारे में बताया गया। निरीक्षक यातायात ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर एवं मस्तिष्क पर गंभीर चोटों के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
पुलिस ने लोगों से निर्धारित मानकों वाला अच्छी गुणवत्ता का हेलमेट पहनने और उसकी स्ट्रिप (बेल्ट) को ठोड़ी के नीचे अच्छी तरह लॉक करने की अपील की। बिना बेल्ट लॉक किए हेलमेट पहनना सुरक्षित नहीं है, क्योंकि दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर से निकल सकता है।





