
रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार अपराह्न एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नरकोटा में सम्राट होटल के समीप एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन सीधे गहरी खाई में पहुंच गया, लेकिन गनीमत रही कि वाहन चला रहे व्यक्ति की जान बच गई। दुर्घटना में चालक घायल हुआ है, जिसे रेस्क्यू कर उपचार के लिए श्रीनगर भेजा गया।
नरकोटा में सम्राट होटल के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, अकेला सवार था चालक; पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:23 बजे पुलिस को नरकोटा क्षेत्र में सम्राट होटल के समीप स्कॉर्पियो वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन तंत्र हरकत में आ गया। रुद्रप्रयाग पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) तथा 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
गहरी खाई में चलाया गया रेस्क्यू अभियान
घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए श्रीनगर भेजा गया।
वाहन में अकेला था चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो में केवल चालक ही सवार था। पुलिस के मुताबिक, चालक के बाजू में चोटें आई हैं। अन्य किसी व्यक्ति के वाहन में सवार होने की जानकारी नहीं है।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







