
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के आयोजन से पहले हरिद्वार नगर निगम ने शहर में रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स एवं लघु व्यापारियों को व्यवस्थित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ललतारौ पुल-चंडी चौराहा मार्ग स्थित प्रथम वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में निर्धारित सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को अनावश्यक रूप से अतिक्रमण बढ़ाने से बचने तथा नगर निगम के साथ किए गए अनुबंध की शर्तों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही तंबाकू, गुटखा एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम द्वारा विकसित किए गए तीन वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाने, परिसर के फर्श का पुनर्निर्माण कराने तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों में वेंडिंग जोन के विकास को भी शामिल किया जाना चाहिए।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही कारोबार करने के निर्देश दिए। वहीं, बढ़ते डेंगू के प्रकोप को देखते हुए साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा कीटनाशक रसायनों का छिड़काव तत्काल कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को वेंडिंग जोन की सीमाएं निर्धारित करने तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान संजय चोपड़ा ने नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के निकट नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे पांचवें वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को सूचीबद्ध कर कारोबार की अनुमति देने की मांग की। इसके साथ ही पंतदीप पार्किंग, विष्णु घाट और ललतारौ घाट क्षेत्र में नगर निगम में पूर्व से पंजीकृत रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स को छठे वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित एवं स्थापित करने की कार्रवाई प्राथमिकता से शुरू करने का आग्रह किया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार द्वारा प्रथम वेंडिंग जोन एवं मां गंगा के घाटों के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ लिपिक एवं समिति प्रभारी शिव सिंह चौहान, मोहनलाल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सोनू कुमार, कमल सिंह, उज्ज्वल सिरोही, श्याम कुमार, गजेंद्र सिंह, सुनील कुकरेती, फूल सिंह सहित अनेक कर्मचारी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।





