
चंपावत। मा. सर्वोच्च न्यायालय एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सड़क सुरक्षा व्यवस्था, मानसून के दौरान मोटर मार्गों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता को निर्माणाधीन कलवर्टों का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा कोट अमोड़ी में प्रस्तावित हॉट मिक्स प्लांट की स्थापना से संबंधित सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत एवं रखरखाव के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीएमजीएसवाई सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं को मानसून के दौरान मोटर मार्गों को हर समय सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त मशीनरी एवं संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने, गड्ढों की मरम्मत, पैचवर्क, सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वन विकास निगम को सड़क किनारे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे खतरनाक पेड़ों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हीकरण एवं कटान करने के निर्देश दिए गए। वहीं एआरटीओ एवं पुलिस विभाग को ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर प्रभावी चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
अतिक्रमण हटाने की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने टिफिनटॉप एवं संतोला क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
‘मेरी गांव-मेरी सड़क‘ योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जहां सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर उसका निर्माण कराया जाए। साथ ही ग्रामीण संपर्क मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, सभी अधिशासी अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



