
जनता मिलन में 133 मामले सामने आए, डीएम ने पेयजल और आपदा प्रभावित कार्यों को तत्काल गति देने के दिए निर्देश
चम्पावत। जनसमस्याओं को सुनकर उनका मौके पर समाधान सुनिश्चित करने की प्रशासन की पहल के तहत सोमवार को जिला सभागार में जनता मिलन आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए।
जनता मिलन में पेयजल, सड़क, सुरक्षा दीवार, सोलर लाइट, तारबाड़, राशन कार्ड, आर्थिक सहायता, आवास और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लोगों ने रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को लंबित न रखा जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
कार्यक्रम में ढकना निवासी होशियार सिंह की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की गई। समाज कल्याण विभाग ने उन्हें मौके पर छड़ी उपलब्ध कराई। डीएम ने उनके उपचार के लिए सीएमओ को आवश्यक कदम उठाने और एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सल्ली की संगीता रावत ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की मांग रखी, जबकि अष्टा बिसराड़ी के नवीन चंद्र ने भू-कटाव रोकने के लिए चेकडैम निर्माण का अनुरोध किया। ढकना के जोगाराम ने तारबाड़, डूंगरासेठी की सुनीता मेहता ने सोलर लाइट और बिसौन बाजरीकोट के नरेंद्र सिंह बोहरा ने सोलर लाइट व तारबाड़ की मांग रखी।
इसके अलावा मुड़ियानी के किस्कोट में संपर्क मार्ग और बाजरीकोट के पतलीखेत तोक में क्षतिग्रस्त पेयजल टैंक का मामला भी सामने आया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क तथा आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान तक लगातार निगरानी रखना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






