
सितारगंज बच्चों के बीच हुई लड़ाई का विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने कथित तौर पर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों और तलवार से मारपीट कर दी। घटना में एक महिला समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने इलाज के दौरान उप जिला अस्पताल पहुंचकर भी उनके साथ गालीगलौज और मारपीट का प्रयास किया तथा वाहन का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद शाम को दोबारा घर पहुंचकर वाहन में तोड़फोड़ करने के साथ खिड़की-दरवाजे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। मामले में पुलिस ने सात नामजद समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रसोइयापुर निवासी हरवंश कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अक्टूबर को बच्चों के बीच हुई लड़ाई को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते सितारगंज निवासी किरत सिंह, अमन, दीपक सिंह, अमृत, सुरजीत सिंह, कक्का सिंह और जोगिंदर सिंह समेत करीब 15 लोग एक वाहन और दो बाइकों से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही सभी लोगों ने लाठी-डंडों और तलवार से उसके तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हरवंश कौर के अनुसार मारपीट में उसे और उसके परिवार के बलजिंदर सिंह, हरजिंदर सिंह तथा हरमन सिंह को चोटें आईं। घटना के बाद परिवार के लोग उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी आरोपी पक्ष के लोग पहुंच गए और उनके साथ गालीगलौज करते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उनके वाहन के शीशे में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि शाम के समय आरोपी दोबारा हथियार लेकर उसके घर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़े वाहन में तोड़फोड़ की और खिड़की-दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार हुई घटनाओं से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
हरवंश कौर ने आरोप लगाया कि कुछ आरोपी पटिया रोड और रसोइयापुर गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास गन्ने के खेतों में हथियार लेकर छिपे हुए हैं। आरोप है कि आरोपी उसके घर लौटने पर उसे और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर किरत सिंह, अमन, दीपक सिंह, अमृत, सुरजीत सिंह, कक्का सिंह और जोगिंदर सिंह समेत करीब आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।







