
हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हरिद्वार मयूर दीक्षित ने जनपद में 20 जुलाई (सोमवार) को सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विभाग ने 20 जुलाई को जनपद के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। साथ ही लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा आपदा की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों या विभागों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।





