
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या-341/2024 के तहत बेलखेत क्षेत्र में क्वैराला नदी पर प्रस्तावित 85 मीटर स्पान पैदल झूला पुल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीआरएफ) से ₹481.57 लाख की लागत वाली इस परियोजना की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।

रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों पर फीडबैक लिया। साथ ही बेलखेत गांव को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जा रही सुरक्षा दीवार का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के किसी भी चरण में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, बेलखेत गांव की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग 215 मीटर लंबी बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कर रहा है, जिसकी चौड़ाई 7.5 मीटर और ऊंचाई 6 मीटर रखी गई है। इसके पूरा होने से बरसात के दौरान गांव को बाढ़ और कटाव से सुरक्षा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन चंद पलड़िया ने बताया कि झूला पुल का निर्माण निर्धारित योजना के अनुसार प्रगति पर है और विभाग का लक्ष्य तय एक वर्ष की समय-सीमा से पहले पुल को जनता के लिए खोलना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुल बनने से बेलखेत और आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात में नदी पार करने की समस्या समाप्त होगी तथा विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 की अतिवृष्टि में पुराना झूला पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद 15 दिनों के भीतर वैकल्पिक ट्रॉली की व्यवस्था की गई थी। अब स्थायी पुल और सुरक्षा दीवार का निर्माण तेजी से होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




