
उत्तरकाशी। जनपद में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में शनिवार को यातायात पुलिस और कोतवाली उत्तरकाशी की संयुक्त टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
यह अभियान जनपद मुख्यालय, ज्ञानसू, गैस गोदाम, सब्जी मंडी, सिंगोटी सहित कई प्रमुख स्थानों पर संचालित किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने ओवर स्पीड, बिना हेलमेट वाहन चलाना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना, रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने अभियान के दौरान 25 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान किए। वहीं, एक मोटरसाइकिल चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसे मौके पर गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया गया।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके अंतर्गत संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भी नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





