
लोहाघाट (चंपावत)। सिद्ध बाबा ढेरनाथ मंदिर, बीसिंग, लोहाघाट में ब्रह्मलीन सिद्ध बाबा भक्ताईनाथ जी महाराज का तैईया भंडारा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नाथ संप्रदाय के संत-महंतों, योगेश्वरों एवं संत समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः विधिवत हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात ब्रह्मलीन महंत जी की समाधि पर भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। उपस्थित संत समाज ने ब्रह्मलीन सिद्ध बाबा भक्ताईनाथ जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सद्गुरु चरणों में स्थान प्राप्त होने की कामना की।
इस अवसर पर श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर, गोरख धूना के पूज्य महंत योगी रामनाथ जी ने नाथ संप्रदाय की परंपरा के संबंध में बताया कि जब कोई भी नाथ ना संप्रदाय के योगेश्वर साधु समाधि ग्रहण करता है, तो तीसरे दिन तैईया संस्कार एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है। यह परंपरा नाथ संप्रदाय की गुरु-शिष्य परंपरा, संत सेवा और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में पूज्य महंत नफ़ेनाथ जी, योगी चन्द्राई नाथ जी, योगी शैलेंद्र नाथ जी, योगी राजूनाथ जी, योगी विजय नाथ जी, योगी पूनम नाथ जी, योगी लक्ष्मण नाथ जी, पृथ्वी नाथ जी, देव नाथ जी एवं महंत धर्मपुरी जी सहित नाथ संप्रदाय के संत-महंत तथा क्षेत्र के समस्त ग्रामीण निवासी उपस्थित रहे।
संत समाज ने ब्रह्मलीन सिद्ध बाबा भक्ताईनाथ जी महाराज के जीवन, साधना एवं आध्यात्मिक योगदान को नमन करते हुए उनकी स्मृति को श्रद्धापूर्वक याद किया।






