
चम्पावत। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘सशक्त बहना उत्सव’ कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच एवं टेंट, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पैदल आवागमन, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं को पर्याप्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड और सेफ हाउस की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की प्रगति की भी जानकारी ली गई। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा कार्यक्रम से संबंधित कार्यों की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, एसडीएम प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता मोहन चन्द्र पलड़िया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।







