
पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का डामरीकरण कर रहा यूयूएसडीए, आवागमन बेहतर बनाने पर जोर
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देशों के बाद चम्पावत जिले में सड़क सुधार कार्यों को गति दी गई है। टनकपुर नगर क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन परियोजना के चलते क्षतिग्रस्त हुए मार्गों पर डामरीकरण और पैच मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पेयजल परियोजना से प्रभावित सड़कों की पुनर्स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पाइपलाइन का काम पूरा हो चुके क्षेत्रों में सड़क मरम्मत का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अंकित आर्या ने बताया कि प्रभावित सड़कों का चिन्हीकरण कर चरणबद्ध तरीके से डामरीकरण किया जा रहा है। निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन करने के साथ यातायात व्यवस्था और स्थानीय लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भूमिगत पेयजल पाइपलाइन परियोजना का उद्देश्य टनकपुर नगर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना है। परियोजना के कारण प्रभावित होने वाले मार्गों को भी व्यवस्थित रूप से पुनर्स्थापित किया जा रहा है, ताकि लोगों को पेयजल सुविधा के साथ बेहतर सड़क सुविधा भी मिल सके।
जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुधार कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित मार्गों की मरम्मत पूरी होने के बाद टनकपुर में आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।






