
चम्पावत। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) द्वारा जनपद के बनबसा कैनाल क्षेत्र में ‘बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान 4.0’ के तहत सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाना तथा बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
जिला श्रम अधिकारी देवेश पांडे ने बताया कि श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, पुलिस विभाग की एएचटीयू (AHTU) टीम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन चम्पावत के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्र के विभिन्न होटलों, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का व्यापक निरीक्षण एवं सर्वेक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रतिष्ठान पर कोई बाल श्रमिक कार्यरत नहीं मिला। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान प्रतिष्ठान स्वामियों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) से जुड़े कानूनों और उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अपने संस्थानों में किसी भी बाल श्रमिक को रोजगार पर न रखने संबंधी शपथ-पत्र भी भरवाए गए, ताकि भविष्य में बाल श्रम की किसी भी संभावना को रोका जा सके।

अधिकारियों ने कहा कि जनपद में बाल श्रम के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





