
चम्पावत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश मानेश्वर महादेव मंदिर के मठाधीश परम पूज्य स्वामी धर्मराजानन्द पुरी जी महाराज को शिष्टाचार भेंट के माध्यम से प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री का संदेश ससम्मान स्वामी जी को भेंट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में स्वामी धर्मराजानन्द पुरी जी महाराज के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि मानेश्वर महादेव मंदिर से होने वाली लोक-कल्याण की प्रार्थनाएँ और आध्यात्मिक चेतना पूरे प्रदेश को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है तथा समाज में नैतिक मूल्यों, शांति और समरसता की स्थापना में संत समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने स्वामी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सानिध्य की कामना भी की।
स्वामी धर्मराजानन्द पुरी जी महाराज ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनके जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने भगवान मानेश्वर महादेव से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश और जनसेवा में निरंतर सफलता की प्रार्थना की। साथ ही प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना भी की।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री द्वारा शुभकामना संदेश भेजना भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी आस्था का परिचायक है।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने मानेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपद चम्पावत और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली तथा निरंतर विकास की कामना की। कार्यक्रम के अंत में गुरु-शिष्य परंपरा, आध्यात्मिक मूल्यों और लोककल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।







